नयी दिल्ली , अप्रैल 06 -- आम आदमी पार्टी (आप) ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार में देश की राजधानी दिल्ली में सिर्फ आम आदमी ही असुरक्षित नहीं है बल्कि दिल्ली विधानसभा भी सुरक्षित नहीं है।
आप के नेता एवं बुराड़ी के विधायक संजीव झा ने सोमवार को ोविधानसभा के टूटे गेट की फोटो सोशल मीडिया एक्स पर साझा कर भाजपा सरकार को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर बड़ा सवाल उठ रहा है। विधानसभा जैसी हाई-सिक्योरिटी जगह में गेट तोड़कर कार का अंदर घुस जाना गंभीर चूक है।
उन्होंने कहा कि एक तरफ भाजपा सरकार की ओर से चुने हुए विपक्ष के विधायकों को गेट पर रोका जाता है, और दूसरी तरफ कोई गाड़ी सीधे अंदर पहुंच जाती है। दिल्ली में लगातार बम की धमकियां मिल रही हैं, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर भी हमला हो चुका है और अब विधानसभा में गेट तोड़ कर कार का अंदर घुसने की घटना हो गई। भाजपा सरकार को दिल्लीवालों को बताना चाहिए कि क्या यही देश की राजधानी दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था है? दिल्ली पुलिस गृह मंत्रालय के अधीन आती है, तो जवाबदेही कौन लेगा? अगर विधानसभा सुरक्षित नहीं, तो आम जनता कैसे सुरक्षित होगी?उल्लेखनीय है कि आज विधानसभा में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद एक कार गेट तोड़ते हुए अंदर घुस गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित