अमृतसर , मार्च 24 -- पंजाब प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने मंगलवार को कहा कि पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को पंजाब के राज्यपाल से मुलाकात करेगा।

श्री जाखड़ स्वर्गीय डीएम गगनदीप सिंह रंधावा के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद मीडिया से बात कर रहे थे। मृतक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में न केवल भाजपा, बल्कि पूरा पंजाब परिवार के साथ एकजुट खड़ा है। उन्होंने कहा कि परिवार सीबीआई जांच से कम कुछ भी स्वीकार नहीं करेगा और पार्टी इस मांग में उनके साथ मजबूती से खड़ी है। इसी सिलसिले में पार्टी का प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मिलकर अपनी मांग रखेगा।

उन्होंने कहा कि जिस तरह से पंजाब सरकार इस मामले को संभाल रही है, उससे स्पष्ट है कि 'आप' सरकार से न्याय की कोई उम्मीद नहीं की जा सकती। उन्होंने विरोधाभासों की ओर इशारा करते हुए कहा कि एक तरफ मुख्यमंत्री दावा करते हैं कि मंत्री से इस्तीफा मांगा गया था, जबकि लालजीत सिंह भुल्लर का कहना है कि उन्होंने खुद इस्तीफा दिया है। इसी तरह मंत्री दावा करते हैं कि उन्होंने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया, जबकि पुलिस का कहना है कि उन्हें गिरफ्तार किया गया है।

श्री जाखड़ ने आगे कहा कि लालजीत सिंह भुल्लर तब तक पुलिस हिरासत में नहीं आते, जब तक केंद्रीय गृह मंत्री ने सीबीआई जांच की संभावना का संकेत नहीं दिया होता। उन्होंने जोर देकर कहा कि परिवार को न्याय दिलाने और मंत्री द्वारा कथित तौर पर चलाए जा रहे जबरन वसूली नेटवर्क के माध्यम से जुटाया गया पैसा कहाँ भेजा जा रहा था, इसका पता लगाने के लिए सीबीआई जांच अनिवार्य है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित