जयपुर , जनवरी 30 -- राजस्थान प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष मदन राठौड़ ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा देश की एकमात्र ऐसी राजनीतिक पार्टी है जो सामान्य कार्यकर्ता को भी शीर्ष पदों तक पहुंचने का अवसर देती है।

श्री राठौड़ आज यहां भारतीय जनता युवा मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा के पदभार ग्रहण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका सबसे बड़ा उदाहरण हैं, जो एक साधारण कार्यकर्ता से मुख्यमंत्री और फिर देश के प्रधानमंत्री बने। आज श्री मोदी विश्व के सबसे लोकप्रिय नेताओं में शामिल हैं और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत को सम्मान दिला रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राजस्थान में डबल इंजन की भजनलाल सरकार के नेतृत्व में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे द्वारा प्रारंभ की गई ईआरसीपी योजना को आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे 16 जिलों को लाभ मिलेगा। यमुना जल समझौते से राजस्थान को शीघ्र ही अतिरिक्त जल उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरी भर्ती कैलेंडर जारी करना, किसानों को दिन में बिजली देना, पेपर लीक से मुक्ति, राइजिंग राजस्थान के माध्यम से निवेश बढ़ाना तथा रेलवे, सड़क, नहर और ग्राम विकास से जुड़े बड़े कार्य वर्तमान सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियां हैं। उन्होंने कांग्रेस और अन्य दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि जहां अन्य दलों में एक व्यक्ति और एक परिवार सर्वोपरि होता है वहीं भाजपा की राजनीति का मूल मंत्र "नेशन फर्स्ट" है।

इस अवसर पर श्री गोरा ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में 19 पेपर लीक हुए, जिससे गरीब परिवारों के बच्चों का भविष्य प्रभावित हुआ जबकि प्रदेश की भजनलाल सरकार ने पेपरलीक माफियाओं को जेल भेजने का काम किया। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा जारी एक लाख सरकारी नौकरियों के भर्ती कैलेंडर के लिए आभार जताया। श्री गोरा ने युवाओं के साथ संकल्प लिया कि वह राष्ट्रहित में सच्चे सैनिक बनकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि भाजयुमो सरकार की योजनाओं और भर्ती कैलेंडर को जन-जन तक पहुंचाएगा तथा आगामी पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों में बूथ स्तर तक सक्रिय भूमिका निभाएगा। उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनावों में भाजयुमो की भूमिका निर्णायक होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित