मुंगेली , अप्रैल 03 -- छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में एक साधारण कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत, निष्ठा और समर्पण के बल पर प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसे सर्वोच्च पद तक पहुंच सकता है।
श्री साव शुक्रवार को मुंगेली जिले के लोरमी स्थित कबीर भवन में आयोजित भाजपा के दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भाजपा एक अनुशासित और वैचारिक पार्टी है, जो अपने कार्यकर्ताओं को मजबूत और परिपक्व बनाने के लिए लगातार प्रशिक्षण देती है।
उन्होंने कहा कि सीखना एक सतत प्रक्रिया है और इसी उद्देश्य से इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाते हैं। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए साव ने सैद्धांतिक मजबूती, अनुशासन और धैर्य को संगठन की ताकत बताते हुए कहा कि इन्हीं मूल्यों के आधार पर विकसित राष्ट्र का निर्माण संभव है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा एक परिवार की तरह कार्य करती है, जहां हर कार्यकर्ता को समान अवसर मिलता है और संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की निष्ठा और समर्पण पर निर्भर करती है।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता भूपेंद्र ठाकुर ने कहा कि पार्टी में कार्यकर्ता बनकर रहना ही सबसे बड़ा सम्मान है। उन्होंने कहा कि किसी भी पद पर रहने के बावजूद अंततः सभी को कार्यकर्ता के रूप में ही जनता के बीच काम करना होता है।
प्रशिक्षण शिविर में लोरमी और देवरहट मंडल के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष सुजीत वर्मा, कोमल गिरी गोस्वामी, वर्षा सिंह, गुरमीत सलूजा, रामेश्वर बंजारे सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित