नयी दिल्ली , नवंबर 07 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ पदाधिकारियों और केंद्रीय कार्यालय परिवार के सदस्यों ने पार्टी मुख्यालय में राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' की 150वीं वर्षगांठ पर इसका सामूहिक गायन किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर इस ऐतिहासिक पर्व को वर्ष भर चलने वाले महाअभियान के रूप में मनाया जा रहा है।
कार्यक्रम में शुक्रवार को पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं कार्यालय प्रभारी अरुण सिंह, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम, भाजपा मुख्यालय के कार्यालय सचिव एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता महेंद्र पांडे सहित केंद्रीय कार्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित थे। इस अवसर पर देशभक्ति गीतों का भी गायन किया गया।
भाजपा मुख्यालय में इस आयोजन के लिये संगठन महामंत्री बीएल संतोष एवं कार्यालय सचिव महेंद्र पांडे के मार्गदर्शन में विगत कई दिनों से राष्ट्रगीत "वंदे मातरम्" के सामूहिक गायन का अभ्यास चल रहा था।
श्री अरुण सिंह ने सामूहिक गायन के पश्चात मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 'वंदे मातरम्' को भारत की भक्ति और शक्ति की सामूहिक शाश्वत अभिव्यक्ति का एक भावपूर्ण स्वरूप बताया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित