बैतूल , नवंबर 6 -- मध्यप्रदेश में बैतूल भाजपा जिला कार्यालय विजय भवन में गुरुवार को आगामी कार्यक्रमों को लेकर जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा समय-समय पर मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) किया जाता है। इस प्रक्रिया में पार्टी कार्यकर्ताओं को पूरी जिम्मेदारी और सजगता से भागीदारी निभानी चाहिए ताकि बोगस मतदाता हटें और वास्तविक मतदाता सूची में बने रहें।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' के 150 वर्ष पूर्ण होने पर विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में आत्मनिर्भर भारत अभियान के साथ मनाया जाएगा।

बैठक में जिलाध्यक्ष सुधाकर पंवार ने कहा कि आने वाले दिनों में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम एक साथ होने जा रहे हैं, जिन्हें सफलता पूर्वक संपन्न कराना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। जनजातीय मोर्चा प्रदेश मंत्री दीपक उइके ने बताया कि स्थानीय स्वतंत्रता सेनानियों की कर्मस्थली से जनजातीय गौरव दिवस पर रथयात्रा निकाली जाएगी। बैठक का संचालन जिला महामंत्री कमलेश सिंह ने किया और आभार डॉ. महेंद्र सिंह चौहान ने व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित