चंडीगढ़ , मार्च 25 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष सुनील जाखड़ के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की।

प्रतिनिधिमंडल ने पंजाब स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा की कथित आत्महत्या के मामले में सीबीआई जांच की औपचारिक मांग की।

श्री जाखड़ ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि जब सरकार के मंत्री खुद आरोपों के घेरे में हों, तो उस सरकार से निष्पक्ष जांच की उम्मीद कैसे की जा सकती है। उन्होंने कहा कि मृतक का परिवार और पंजाब की जनता केवल सीबीआई जांच के जरिए ही न्याय की उम्मीद कर रही है।

श्री जाखड़ ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि जब पंजाब के लोग न्याय की लड़ाई लड़ रहे हैं, तब मुख्यमंत्री गुजरात में अपनी पार्टी के प्रचार में व्यस्त हैं। उन्होंने मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक जैसे वरिष्ठ अधिकारियों के मोगा रैली में शामिल होने पर भी सवाल उठाए और कहा कि इसी प्रशासनिक पक्षपात के कारण उन्हें राज्यपाल की शरण में जाना पड़ा।

उन्होंने कांग्रेस पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि पंजाब में कांग्रेस ऐसा व्यवहार कर रही है जैसे वह मुख्यमंत्री भगवंत मान के प्रभाव में काम कर रही हो। श्री जाखड़ ने दावा किया कि जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस सांसदों से सीबीआई जांच के लिए लिखित अनुरोध मांगा, तो कुछ सांसद मुख्यमंत्री के दबाव में पीछे हट गए। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग अब पूरी तरह से 'आप' सरकार की भाषा बोल रहे हैं। उन्होंने चुनौती दी कि यदि मुख्यमंत्री को राजा वड़िंग से जुड़े किसी पुराने मामले में संदेह है, तो वे रंधावा मामले के साथ उस केस को भी सीबीआई को सौंप दें।

श्री जाखड़ ने कहा कि भाजपा न्याय के लिए यह लड़ाई पूरी दृढ़ता के साथ लड़ रही है और सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों से इस संबंध में अधिकारियों को पत्र लिखने की अपील करेगी।

इस प्रतिनिधिमंडल में कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, इकबाल सिंह लालपुरा, सोम प्रकाश, तीक्ष्ण सूद, मनप्रीत सिंह बादल, केवल सिंह ढिल्लों, जंगी लाल महाजन, दिनेश सिंह बब्बू, जीवन गुप्ता, सर्बदीप सिंह विर्क, अनिल सरीन, परमिंदर सिंह बराड़ और विनीत जोशी सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित