भोपाल , अप्रैल 14 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर 'सेवा ही संगठन' के तहत 'सेवा प्रकल्प' का शुभारंभ किया। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह और उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ द्वारा प्रदेशभर में आंखों की जांच के शिविर लगाए जाएंगे और जरूरतमंदों को निःशुल्क चश्मा उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में त्वरित उपचार सुनिश्चित करने के लिए राजमार्गों के किनारे अस्पताल स्थापित करने पर सरकार 30 प्रतिशत तक अनुदान देने की योजना बना रही है। साथ ही संभाग स्तर पर सुपर स्पेशलिटी अस्पताल बनाए जा रहे हैं और आगामी समय में प्रत्येक जिले तक इसका विस्तार किया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि 'सेवा प्रकल्प' कार्यकर्ताओं और आमजन के स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान में सहायक होगा तथा इसे प्रदेश के अन्य बड़े शहरों तक विस्तारित किया जाएगा। उन्होंने इसे संगठन और सरकार के सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने वाला नवाचार बताया।

प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि यह प्रकल्प पार्टी के सेवा और राष्ट्र प्रथम के सिद्धांत को साकार करता है और समाज के सभी वर्गों को लाभ पहुंचाएगा। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि 'सेवा प्रकल्प' प्रदेश की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करेगा। कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा प्रकोष्ठ द्वारा संचालित इस पहल के तहत संपर्क के लिए मोबाइल नंबर भी जारी किए गए, जिनके माध्यम से चिकित्सकीय जानकारी प्राप्त की जा सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित