चंडीगढ़ , अक्टूबर 13 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में 'सरदार@150' कार्यक्रम के तहत राष्ट्रव्यापी एकता मार्च आयोजित करने की घोषणा की।

भाजपा नेता व राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू, चंडीगढ़ की मेयर हरप्रीत कौर बबला, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा और प्रदेश महामंत्री संजीत राणा ने सोमवार को यहां प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान इस मार्च की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम केंद्र सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की पहल है, जिसे माय भारत पोर्टल के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। 'विकसित भारत पदयात्रा' अभियान का उद्देश्य युवाओं में नागरिक सहभागिता को बढ़ाना राष्ट्रीय गौरव को मजबूत करना और देश की एकता के प्रति समर्पण को सशक्त बनाना है। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'जन भागीदारी से राष्ट्र निर्माण' के विज़न से प्रेरित है।

प्रदेश अध्यक्ष मल्होत्रा ने बताया कि चंडीगढ़ इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेगा। उन्होंने कहा कि शहर के विभिन्न वर्गों के लोग विशेषकर युवा सरदार पटेल को श्रद्धांजलि देने के लिए एक विशाल पद-यात्रा आयोजित करेंगे।

श्री संधू ने बताया कि कार्यक्रम दो चरणों में आयोजित किया जाएगा पहला चरण 31 अक्टूबर से 15 नवंबर तक और दूसरा चरण 26 नवंबर से छह दिसंबर तक चलेगा।

सरदारएट150 का डिजिटल चरण छह अक्टूबर को केंद्रीय मंत्री डॉ.मनसुख मांडविया द्वारा माय भारत पोर्टल पर लॉन्च किया गया। इसमें सोशल मीडिया रील प्रतियोगिता निबंध लेखन प्रतियोगिता और यंग लीडर्स प्रोग्राम शामिल हैं जिसके अंतर्गत 150 युवाओं का चयन राष्ट्रीय पदयात्रा में भाग लेने के लिए किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित