मुंबई , फरवरी 03 -- महाराष्ट्र भाजपा मीडिया सेल प्रमुख नवनाथ बन ने मंगलवार को शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत के उस बयान को खारिज कर दिया, जिसमें कहा गया था कि दिवंगत राकांपा नेता और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार अपने वरिष्ठ शरद पवार की पार्टी में वापसी को उत्सुक थे।

श्री बन ने मीडियाकर्मियों से बातचीत में कहा कि श्री राउत का श्री अजित पवार की 'घर वापसी' का बयान बेबुनियाद हैं और जानबूझकर गलत जानकारी फैलाने के लिए दिया गया है जैसे रोमांचक वेब सीरीज के लिए सनसनीखेज कथानक लिखा जा रहा हो। श्री बन ने श्री राउत को चुनौती दी कि वह श्री अजित पवार के बारे में दिये गये अपने बयानों को साबित करने के लिए ठोस सबूत पेश करें।

उन्होंने टिप्पणी की कि राज्यसभा सांसद के पद पर रहते हुए श्री राउत ने झूठे आरोप लगाने की आदत विकसित कर ली है। उन्हें अपने सांसद पद और राजनीति से त्यागपत्र देकर ओटीटी प्लेटफॉर्म्स के लिए निर्देशन और पटकथा लेखन का कार्य संभालना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा "इस तरह कम से कम वह अपनी दुकान चला सकेंगे।"श्री बन ने दावा किया कि श्री अजित पवार को कभी 'घर वापसी' में कोई दिलचस्पी नहीं थी और यह सवाल उठ सकता है कि क्या वह सच में दूसरे घटकों को राजग में लाने की कोशिश कर रहे थे।

श्री बन ने कहा कि श्री अजित पवार के विमान दुर्घटना को 'ऑपरेशन लोटस' का हिस्सा बताकर भाजपा पर 'घटिया आरोप' लगाने से पहले श्री राउत को ठोस सबूत पेश करने चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्हें बिना किसी आधार के अंधेरे में तीर चलाना बंद कर देना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित