पटना , नवंबर 18 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बिहार में विधायक दल के नेता के चयन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुये केंद्रीय पर्यवेक्षकों की नियुक्ति कर दी है।
पार्टी के संसदीय बोर्ड ने मंगलवार को इस संबंध में आधिकारिक घोषणा की है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह की ओर से जारी बयान के अनुसार, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को बिहार में भाजपा विधायक दल के नेता के चुनाव के लिये केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।
इसके साथ ही, केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति को केंद्रीय सह- पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बिहार में भाजपा विधायक दल के नेता का चुनाव बुधवार को होना है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, नये नेता के चुनाव के साथ ही राज्य में भाजपा की आगामी रणनीति और संगठनात्मक मसलों पर भी महत्वपूर्ण चर्चा होने की भी संभावना है।
भाजपा नेतृत्व का मानना है कि अनुभवी केंद्रीय पर्यवेक्षकों की नियुक्ति से चुनाव प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न होगी और विधायक दल एकमत होकर अपना नेता चुनेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित