हैदराबाद , मार्च 22 -- तेलंगाना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रस्तावित मूसी नदी पुनर्जीवन परियोजना को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। पार्टी ने इसकी व्यवहार्यता, लागत और आम लोगों पर पड़ने वाले असर को लेकर स्पष्ट नीति की मांग की है।

तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन रामचंद्र राव ने राजभवन रोड स्थित एक निजी होटल में आयोजित "मूसी नदी का पुनरुद्धार-तथ्य" कार्यक्रम में कहा कि नदी की सफाई जरूरी है, लेकिन यह गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की कीमत पर नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि मूसी नदी केवल हैदराबाद तक सीमित नहीं है, बल्कि कई जिलों से होकर गुजरती है और हजारों किसानों की आजीविका का आधार है। बढ़ता प्रदूषण खेती और जनस्वास्थ्य के लिए खतरा बन रहा है, इसलिए व्यापक स्तर पर शुद्धिकरण आवश्यक है।

भाजपा नेता ने यह भी आरोप लगाया कि परियोजना के तहत कितने घरों को तोड़ा जाएगा, इस पर सरकार के अलग-अलग बयानों से जनता में भ्रम की स्थिति है। साथ ही, करीब 3,000 एकड़ भूमि अधिग्रहण की बात सामने आने से किसानों और हैदराबाद की सब्जी आपूर्ति पर असर पड़ने की आशंका जताई गई।

श्री राव ने दोहराया कि भाजपा नदी की सफाई, सौंदर्यीकरण या पर्यटन विकास के खिलाफ नहीं है, लेकिन किसी भी विस्थापन से पहले पुनर्वास नीति लागू होना जरूरी है। उन्होंने बफर जोन के विस्तार के प्रस्ताव की आलोचना करते हुए इसे भेदभावपूर्ण और अन्यायपूर्ण बताया, खासकर उन मध्यमवर्गीय परिवारों और पूर्व सैनिकों के लिए जिन्होंने कर्ज लेकर घर बनाए हैं।

उन्होंने सरकार से पारदर्शी और व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाने तथा परियोजना की लागत पर स्पष्ट जानकारी देने की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित