मुंबई , जनवरी 16 -- मुम्बई नगर निगम (बीएमसी) चुनावों में अपनी बढ़त को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मराठी मानुष से वादा किया है कि महानगर को जल्द ही अपना पहला 'मराठी' मेयर मिलेगा।

भाजपा प्रवक्ता केशव उपाध्याय ने मेयर पद के बाबत पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि इसमें कोई शक नहीं है किमुंबई के इतिहास में पहली बार भाजपा का कोई मराठी मेयर पद संभालेगा।

श्री उपाध्याय ने भरोसा दिलाया कि नगर निगम चुनावों के नतीजों से साफ पता चलता है कि भाजपा मुंबई में नागरिक निकाय का नेतृत्व करेगी। उन्होंने कहा कि रूझान देखने वाला कोई भी यह देख सकता है कि मेयर भाजपा का होगा और इस बात पर जोर दिया कि पार्टी को भरोसा है कि इस पद पर कोई मराठी चेहरा ही बैठेगा।

श्री उपाध्यान ने इस पल को भाजपा कार्यकर्ताओं की लंबी यात्रा का नतीजा बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने दशकों पहले मुंबई में एक जूनियर सहयोगी के तौर पर अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की थी और पिछले चालीस सालों में धीरे-धीरे अपना आधार बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि पार्टी का मजबूत प्रदर्शन जिसमें भाजपा ने 100 सीटों का आंकड़ा पार किया, यह लगातार किए गए प्रयासों को दिखाता है।

श्री उपाध्याय ने सत्ताधारी महायुति गठबंधन के भीतर नेतृत्व के पदों को लेकर चर्चा के बाबत कहा कि मुंबई में अपना मेयर बनाने का भाजपा का लंबे समय से देखा गया सपना अब सच होने के करीब है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित