पटना, सितंबर 29 -- बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियों में जुटी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रदेश चुनाव समिति के सदस्यों की सूची जारी कर दी है।
पार्टी नेतृत्व ने कुल 15 सदस्यों को समिति में नामित किया है, साथ ही एक पदेन सदस्य और तीन विशेष आमंत्रित सदस्यों के नामों की भी घोषणा की गई है।
भाजपा की ओर से जारी सूची में पार्टी के कई वरिष्ठ और प्रभावशाली नेताओं को शामिल किया गया है। इसमें डॉ दिलीप कुमार जायसवाल, सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, राधा मोहन सिंह, गिरिराज सिंह, नंद किशोर यादव, नित्यानन्द राय, मंगल पांडेय, डॉ संजय जायसवाल, भीखूभाई दलसानिया, रविशंकर प्रसाद, रेणु देवी, प्रेम कुमार, जनक चमार और प्रेम रंजन पटेल के नाम शामिल हैं।
इनमें कई वर्तमान और पूर्व केंद्रीय मंत्री, राज्य स्तरीय नेता और संगठन से जुड़े वरिष्ठ कार्यकर्ता शामिल हैं, जिनका प्रदेश की राजनीति में खासा अनुभव और प्रभाव है।
भाजपा ने धर्मशीला गुप्ता को पदेन सदस्य के रूप में शामिल किया है। इसके अलावा तीन नेताओं को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में समिति में स्थान दिया गया है, जिसमें विनोद तावड़े, दीपक प्रकाश और नागेंद्र जी का नाम शामिल है।
भाजपा की यह समिति राज्य में चुनावी रणनीति, उम्मीदवार चयन, और प्रचार अभियान की दिशा तय करेगी। समिति में अनुभव और संगठनात्मक मजबूती को प्राथमिकता दी गई है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में यह समिति बिहार चुनाव के लिये भाजपा की दिशा और दशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित