हैदराबाद , फरवरी 13 -- तेलंगाना भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), ने नलगोंडा जिला भाजपा अध्यक्ष डा़ॅ वर्षित रेड्डी पर गत 11 फरवरी को मतदान के दौरान हुए कथित हमले के लिए नलगोंडा जिला पुलिस उपाधीक्षक के खिलाफ तुरंत निलंबन और विभागीय कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के पास शिकायत दर्ज कराई है।

भाजपा नेताओं ने शुक्रवार को एक ज्ञापन में आरोप लगाया कि यह घटना नलगोंडा जिले के 10वें डिवीजन मतदान केंद्र पर शाम करीब चार बजे हुई। पार्टी ने दावा किया कि मतदान शांतिपूर्वक होने के बावजूद, पुलिस उपाधीक्षक ने बिना किसी वजह के लोगों को 100 मीटर के दायरे से बाहर कर दिया और संदिग्ध लोगों को समूहों में मतदान केंद्र में घुसने दिया, जिससे संभावित फर्जी मतदान की चिंता बढ़ गई।

शिकायत में आगे आरोप लगाया गया कि लगभग 150 बुर्का पहने लोगों को संदिग्ध तरीके से मतदान केंद्र की ओर जाने और अंदर जाने दिया गया, जिससे संगठित फर्जी मतदान की आशंका उत्पन्न हुई। जब डॉ. नागम वर्षिथ रेड्डी वोट डालने बूथ पर गए और कथित गड़बड़ियों पर सवाल उठाया, तो पुलिस उपाधीक्षक ने कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की, गाली-गलौज की और धमकियां दीं।

भाजपा नेताओं ने तुरंत कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस उपाधीक्षक को निलंबित करने, एक स्वतंत्र जांच, सीसीटीवी फुटेज की जांच, मतदाता पहचान रिकॉर्ड का सत्यापन और आपराधिक और विभागीय कार्रवाई शुरू करने की मांग की है। पार्टी ने कहा कि यह घटना चुनाव के नियमों और पुलिस की निष्पक्षता का गंभीर उल्लंघन है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित