पटना, सितंबर 28 -- बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देते हुये भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य इकाई ने रविवार को चुनाव अभियान समिति की औपचारिक घोषणा कर दी है।

समिति में 45 प्रमुख नेताओं को शामिल किया गया है, जिनमें केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक और संगठन से जुड़े वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हैं। इन सभी को आगामी विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान की रणनीति तय करने और उसे ज़मीनी स्तर पर लागू करने की ज़िम्मेदारी दी गई है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने बताया कि यह समिति पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में काम करेगी। उन्होंने कहा कि, 'चुनाव अभियान समिति की सूची जारी कर दी गई है। 45 नेताओं को इसमें शामिल किया गया है और सभी को व्यापक प्रचार की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही केंद्रीय नेतृत्व से जुड़े बड़े नेता भी बिहार आकर इन नेताओं के साथ मिलकर प्रचार अभियान को गति देंगे।'प्रदेश अध्यक्ष श्री जायसवाल ने यह भी स्पष्ट किया है कि समिति के गठन में 'सबका साथ, सबका विकास' की भावना को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि जातीय और सामाजिक संतुलन का ध्यान रखते हुये हर वर्ग और क्षेत्र के प्रतिनिधित्व को सुनिश्चित किया गया है। जो वरिष्ठ नेता इस समिति में शामिल नहीं हो सके हैं, उन्हें पार्टी की घोषणा पत्र समिति और चुनाव संचालन समिति में स्थान दिया गया है।

चुनाव अभियान समिति में जिन प्रमुख नेताओं को जगह दी गई है, उनमें प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, नित्यानंद राय, मंगल पांडेय, डॉ संजय जायसवाल, रविशंकर प्रसाद, अश्विनी चौबे, राजीव प्रताप रूडी, रेणु देवी, डॉ. प्रेम कुमार, ऋतुराज सिन्हा, सैयद शाहनवाज हुसैन, रमा देवी, विवेक ठाकुर, गोपालजी ठाकुर, जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, धर्मशीला गुप्ता, अनिल शर्मा (बख्तियारपुर), राम नारायण मंडल, हरि मांझी, बेबी कुमारी, शीला प्रजापति, राजेंद्र चौपाल, राम कुमार राय सहित कई वरिष्ठ व प्रभावशाली चेहरे शामिल हैं।

भाजपा ने स्पष्ट कर दिया है कि वह इस बार बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के तहत पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने की तैयारी में है। पार्टी की रणनीति ज़मीनी मुद्दों और सुशासन के एजेंडे पर केंद्रित रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित