देहरादून , फरवरी 13 -- उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता विनोद चमोली ने राजधानी देहरादून में हुई अपराध की घटना को दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।
पार्टी के वरिष्ठ विधायक श्री विनोद चमोली ने कहा कि सरकार का रुख सख्त और साफ है कि अपराधी किसी कीमत पर नही बख्शे जायेंगे। आरोप प्रत्यारोप की राजनीति से बचते हुए सभी को धैर्य से पुलिस कार्रवाई का इंतजार करना चाहिए।
उन्होंने देहरादून के बलबीर रोड स्थित पार्टी मुख्यालय में शुक्रवार को मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि इस पूरी घटना को लेकर पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता क्षुब्ध और चिंतित हैं। हम सभी इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिजनों के साथ है और उन्हें न्याय से लेकर सभी संभव मदद सरकार से दिलाने के लिए पूरी तरह कटिबद्ध हैं।
उन्होंने कहा कि हमें विश्वास है, जो भी इस अमानवीय घटना के दोषी हैं, वे शीघ्र कानूनी शिकंजे में कसे जाएंगे। इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के भी स्पष्ट निर्देश हैं कि हत्यारे पाताल में भी छिप जाएं उन्हें ढूंढ कर कठोर सजा दिलवाई जाए।
उन्होंने विश्वास दिलाते हुए कहा, भाजपा सरकार अपराध को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। इससे पूर्व सभी प्रकरण के आरोपी सलाखों के पीछे हैं। किसी को अपने किए की सजा न्यायालय से मिल गई है तो कोई कानूनी प्रक्रिया से अपनी सजा का इंतजार कर रहा है।
अब तक जिसने भी प्रदेश में कानून व्यवस्था को चुनौती देने की कोशिश की उसे कड़ा सबक सिखाया गया है। अपराधिक घटनाओं में हुई निष्पक्ष, तत्पर और कठोर कार्रवाई के चलते ही प्रदेश की जनता का सरकार पर पूर्ण भरोसा है।
हालिया घटनाओं से उत्पन्न चिंता को भी पार्टी और सरकार संवेदनशीलता और गंभीरता से ले रही है। लिहाजा शीघ्र हत्यारों को पकड़ने के साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो उसको लेकर भी हर संभव उपाय किए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित