नैनीताल , अप्रैल 06 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित कुमाऊं संभाग कार्यालय में पार्टी का 47वां स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद अजय भट्ट मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत पार्टी कार्यालय में ध्वजारोहण और वंदेमातरम् के साथ की गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सांसद अजय भट्ट ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार लगातार जनहित में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कश्मीर से धारा 370 हटाने और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण जैसे ऐतिहासिक फैसलों ने देश को नई दिशा दी है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पार्टी की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाएं और संगठन को और मजबूत करें। साथ ही विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट ने पार्टी के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण से ही भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित