देहरादून , दिसंबर 28 -- उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस पार्टी से अपुष्ट अमर्यादित कंटेंट के बूते दिवंगत अंकिता के सम्मान से खिलवाड़ नहीं करने की अपील की है।
भाजपा की प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज ने कहा कि अंकिता भंडारी मामले पर कांग्रेस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिये अपुष्ट, अमर्यादित और भावनाओं को भड़काने वाले कंटेंट के सहारे राजनीति कर रही है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि अंकिता देवभूमि उत्तराखंड की बेटी थी और उसके नाम को बार-बार सोशल मीडिया की सनसनी बनाकर पेश करना उस बेटी के सम्मान का अपमान है।
दीप्ति रावत भारद्वाज ने कहा,कांग्रेस के पास जनता के सामने बोलने के लिए कोई विषय बचा नहीं है,इसलिए उत्तराखंड की जनता को कांग्रेस गुमराह कर रही है । कटे-छँटे वीडियो और अफवाहों के आधार पर कांग्रेसी आरोपों की नई-नई कहानियाँ गढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह न्याय की प्रक्रिया नहीं बल्कि सोशल मीडिया ट्रायल है। उन्होंने आग्रह किया है कि यदि किसी के पास वास्तविक साक्ष्य हैं, तो उन्हें अदालत या सक्षम जांच एजेंसी के समक्ष प्रस्तुत किया जाए। सोशल मीडिया पर उछालकर जनता को गुमराह करना और दिवंगत अंकिता के नाम पर राजनीति करना बंद होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि धामी सरकार ने इस दुखद घटना में तेज और कठोर कार्रवाई की चौबीस घंटे में गिरफ्तारी, शव बरामदगी, एसआईटी गठन, सख्त कानूनी प्रावधानों के साथ कार्रवाई और न्यायालय के समक्ष मजबूत पैरवी के आधार पर दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनिश्चित हुई है।
दीप्ति रावत भारद्वाज ने कांग्रेस से अपील करते हुए कहा कि मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अनर्गल अश्लील और अपुष्ट कंटेंट को राजनीतिक हथियार बनाकर देवभूमि का माहौल खराब करने की कोशिश न करें।
उन्होंने कहा कि भाजपा की स्पष्ट मांग है साक्ष्य हों तो न्यायालय में दिये जायें। लेकिन तात्कालिक राजनीतिक लाभ के लिए देवभूमि की दिवंगत बेटी के सम्मान को बार-बार नहीं उछाला जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित