रायपुर , अक्टूबर 04 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ननकी राम कंवर ने शनिवार को प्रदेश में व्याप्त प्रशासनिक अराजकता के विरोध में धरना देने का ऐलान किया था लेकिन रायपुर के एक सामाजिक भवन में पुलिस ने उन्हें हाउस अरेस्ट किया है।
इस पूरी घटना पर कांग्रेस की नजर है। जब से पूर्व गृहमंत्री ने कलेक्टर की शिकायत को लेकर सार्वजनिक बयान देते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को चिट्ठी लिखी थी तभी से कांग्रेस ने इसे मुद्दा बना लिया है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार के बारे में कहा," जब भाजपा अपने वरिष्ठतम नेता की शिकायत सुनने को तैयार नहीं है तो फिर इस सरकार में आम आदमी की क्या सुनवाई होती होगी, अंदाजा लगाया जा सकता है।"इस घटना पर श्री बैज ने मीडिया से चर्चा में कहा,"ननकी राम प्रदेश के वरिष्ठ नेता हैं। उन्होंने अपने जिले के कलेक्टर की तानाशाही और प्रशासनिक अमले की अराजकता व भ्रष्टाचार पर कार्यवाही के लिए मुख्यमंत्री को पत्र लिखा था। जब इतने बड़े भाजपा नेता की सुनवाई नहीं हो रही, तो कल्पना कीजिए कि इस सरकार में आम आदमी का क्या हो रहा होगा।"उन्होंने आगे कहा,"ननकी राम को पुलिस से रोकवाने के बजाय मुख्यमंत्री को उन्हें सीएम हाउस ससम्मान बुलवाकर उनकी मांग का निराकरण करना था। भाजपा के ही राज में भाजपा के वरिष्ठ नेता अपमानित हो रहे हैं।"इस घटना ने सत्तारूढ़ दल के भीतर ही असंतोष और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित