बैतूल , मई 10 -- मध्यप्रदेश में बैतूल शहर के सदर सब्जी बाजार में रविवार को जेबकतरों ने भाजपा नेता, पत्रकार सहित छह लोगों के मोबाइल फोन चोरी कर लिए। लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बाजार में खरीदारी करने पहुंचे पत्रकार मयंक भार्गव, भाजपा नेता मनीष सिंह ठाकुर, अनूप वर्मा तथा रिचर्ड गोम्स सहित कुल छह लोगों के मोबाइल फोन भीड़भाड़ के दौरान अज्ञात चोरों ने पार कर दिए। पीड़ितों को घटना की जानकारी तब लगी, जब उन्होंने फोन निकालने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार मामले में पांच शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिन्हें गंज और कोतवाली थाने में दर्ज किया गया है। पीड़ितों का कहना है कि सदर बाजार में पहले भी मोबाइल चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन किसी भी मामले का खुलासा नहीं हो पाया है। इससे क्षेत्र में संगठित मोबाइल चोर गिरोह सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए बाजार क्षेत्र में विशेष अभियान चलाने की मांग की है। उनका कहना है कि लगातार हो रही वारदातों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। कोतवाली थाना प्रभारी देवकरण डेहरिया ने बताया कि मोबाइल चोरी की शिकायतें मिलने के बाद पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है तथा संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित