कोरबा , अक्टूबर 16 -- छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष और वरिष्ठ भाजपा नेता बनवारी लाल अग्रवाल की अंतिम यात्रा में श्रद्धांजलि देने जनसैलाब उमड़ पड़ा। नम आंखों से लोगों ने अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई दी।
परिजनों के साथ ही स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता गुरुवार को अंतिम यात्रा में शामिल हुए।
श्री अग्रवाल (78) का निधन कोरबा के दुरपा रोड पुरानी बस्ती स्थित उनके निवास पर हुआ। उनके निधन से भाजपा संगठन, समर्थकों और क्षेत्रवासियों में गहरा शोक व्याप्त है।
श्री अग्रवाल छत्तीसगढ़ राज्य के पहले विधानसभा उपाध्यक्ष रहे। उनका जन्म 1 मई 1947 को कोरबा जिले के ग्राम जपेली में हुआ था। रायपुर विश्वविद्यालय से एमएससी, बीएड और एलएलबी की डिग्री हासिल करने के बाद उन्होंने वकालत को अपना पेशा बनाया और समाज के वंचित वर्गों की आवाज़ बनकर कार्य किया।
छात्र जीवन से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े अग्रवाल ने शिक्षा और संगठन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। अध्यापक के रूप में उन्होंने बिलासपुर और दिल्ली में सेवाएं दीं। राजनीतिक सफर की शुरुआत जनसंघ से करते हुए वह 1993 में कटघोरा से पहली बार विधायक चुने गए। इसके बाद 1998 और 2003 में भी जनता ने उन पर भरोसा जताया। वे भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष, अनुशासन समिति के सदस्य और कई महत्वपूर्ण समितियों में सक्रिय रहे।
सादगी और जनसेवा उनकी पहचान थी। गरीब, मजदूर और किसान वर्ग के हितों के लिए उन्होंने सदैव आवाज उठाई। सामाजिक और शैक्षणिक संस्थाओं जैसे सरस्वती शिशु मंदिर, रोटरी क्लब और लायंस क्लब से भी वे लंबे समय तक जुड़े रहे।
कोरबा और कटघोरा क्षेत्र में अग्रवाल को एक शिक्षित, विचारशील और जनता से गहराई से जुड़े हुए नेता के रूप में हमेशा याद किया जाएगा।
गौरतलब है कि श्री अग्रवाल का बुधवार की देर रात निधन हो गया। वह पिछले काफी समय से अस्वस्थ थे और उनका उपचार कराया जा रहा था। वह विगत दो दिनों से घर पर ही उपचार लाभ ले रहे थे। बुधवार रात करीब साढ़े 10 बजे तबियत बिगड़ने से उनकी मौत हो गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित