नयी दिल्ली , दिसम्बर 27 -- दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा है कि रविवार से 31 दिसम्बर तक दिल्ली के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में अटल स्मृति सम्मेलन का आयोजन होगा।
श्री सचदेवा ने शनिवार को यहां संवाददाताओं से कहा कि इस सम्मेलन श्रृंखला का उद्घाटन भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने विगत 25 दिसम्बर को कस्तूरबा नगर विधानसभा में किया था। इस दौरान वह (श्री सचदेवा), सांसद बाँसुरी स्वराज और विधायक नीरज बसोया सहित पार्टी के तमाम नेता मौजूद थे। अब पार्टी के राष्ट्रीय और प्रादेशिक स्तर के पदाधिकारी और नेता शेष 69 विधानसभा स्तर के सम्मेलनों को सम्बोधित करेंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा अपने सिद्धांतों पर चलने वाली पार्टी है और इन सिद्धांतों के निर्माण और पोषण में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय और श्री अटल बिहारी की प्रबल भूमिका रही है।
उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ पार्टी में नये नये कार्यकर्ता जुड़ते रहते हैं और ऐसे सभी कार्यकर्ताओं को अटल जी के जीवन के विभिन्न प्रसंगों से अवगत करा कर उनमे संगठात्मक चरित्र निर्मित करने के उद्देश्य से इन अटल स्मृति सम्मेलनों का आयोजन किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित