पटना , अप्रैल 19 -- राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने रविवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जैसे महिलाओं के कट्टर विरोधी दल उनके हितैषी होने का ढोंग कर रहे हैं।
श्री यादव उनके ऊपर महिला आरक्षण विरोधी होने के आरोप का खंडन किया और बयान जारी कर कहा कि पिछले आंकड़े बोल रहे हैं कि उनके दल ने दूसरी पार्टियों के मुकाबले महिलाओं को ज्यादा प्रतिनिधित्व दिया है। उन्होंने कहा कि जिस राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन(राजग) ने अपने कार्यकाल में किसी भी महिला को बिहार में मुख्यमंत्री या केंद्र में मंत्री नही बनाया, उसके मुंह से महिला सशक्तिकरण की बात शोभा नहीं देती है।
राजद नेता ने कहा कि लोकसभा 2024 के चुनाव में उनकी पार्टी ने 29 प्रतिशत महिलाओं को टिकट दिया और वर्तमान में लोकसभा में उनके कुल प्रतिनिधित्व का 25 प्रतिशत महिलाओं के पास है।इस संबंध में ध्यान दें की जरूरत है कि लोकसभा में राजद के कुल 04 सांसद हैं, जिनमे एक श्री यादव की बहन मीसा भारती महिला हैं।
श्री यादव ने कहा कि 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी राजद ने ही सबसे अधिक 17 प्रतिशत महिलाओं को टिकट दिया था। उन्होंने कहा कि बिहार विधानपरिषद में भी बाकि दलों के मुकाबले उनकी पार्टी की कुल सीटों में सबसे अधिक 21.4 प्रतिशत महिलाओं का प्रतिनिधित्व है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित