पटना , अक्टूबर 04 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मेनिफेस्टो कमिटी के सदस्य और मंत्री प्रेम कुमार ने शनिवार को कहा कि बहुत जल्द बिहार विधानसभा चुनाव की तिथियों की घोषणा होने वाली है, उसके पहले पार्टी ने चुनावी घोषणा पत्र तैयार करने का निर्णय लिया है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में मंत्री श्री कुमार ने कहा कि अगले पांच वर्षों में पार्टी को क्या करना है, इसकी तैयारी की जा रही है। घोषणा पत्र को लेकर पार्टी सुझाव अभियान चलाएगी। उन्होंने कहा कि यह अभियान पांच अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। भाजपा ने अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी करने से पूर्व पूरे प्रदेश में लगभग एक करोड़ से अधिक लोगों से सुझाव एकत्रित करने का निश्चय किया है। पार्टी इसके लगभग 3000 से अधिक सुझाव पेटियां 243 विधानसभा क्षेत्रों के प्रमुख स्थानों पर रखेगी, जिसमें लोग अपना सुझाव दे सकेंगे।
मंत्री ने कहा कि इसके अलावा तकनीक का इस्तेमाल कर लोगों से मिसकॉल एवं ईमेल के माध्यम से भी सुझाव एकत्रित किए जाएंगे। भाजपा इस अभियान की शुरूआत पांच अक्टूबर को प्रदेश कार्यालय से करेगी। इस कार्य ले लिए विभिन्न जिलों में जाने वाले रथों को प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, और विजय कुमार सिन्हा झंडी दिखा कर रवाना करेंगे। इसके अलावा सुझाव प्राप्त करने के लिए एक वेबसाइट भी शुरू की जाएगी।उन्होंने बताया कि सुझाव पेटियां हर चौक-चौराहे, स्टेशन, बस स्टैण्ड, मॉल और बाजारों में रखी जाएंगी। भाजपा के विभिन्न मंच और मोर्चा के कार्यकर्ता अपने-अपने मंचों के माध्यम से समुदाय के सभी वर्गों के बीच जाकर उनके सुझाव एकत्रित करेंगे। उन्होंने कहा कि इस घोषणा पत्र में बिहार को विकसित बिहार बनाने को लेकर सभी सुझावों को सम्मिलित किया जाएगा। उन्होंने लोगों से आग्रह करते हुए कहा कि इस अभियान से जुड़े और अपने बहुमूल्य सुझाव जरूर दें।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और मेनिफेस्टो कमिटी के सदस्य सुरेश रूंगटा ने कहा कि भाजपा घोषणापत्र के लिए सुझाव अभियान की शुरुआत कल यानी शनिवार से होगी। उन्होंने 8980243243 नंबर जारी करते हुए कहा कि इस नंबर पर मिस्ड कॉल करेंगे, और फिर यहां से फोन जाएगा और उनसे सुझाव लिया जाएगा। इसके अलावा लोगों से व्हाट्सअप नंबर के जरिए भी सुझाव मांगे जाएंगे। इसके अलावा बिहार चैम्बर्स, बिहार इंडस्ट्रीज ऑफ एसोसिएशन, टेम्पो चालक संघ, रजक एसोसिएशन और इसी तरह के अन्य संगठनों से भी सुझाव आमंत्रित किए जाएंगे। इसके अलावा सभी प्रमंडलों और जिलों में इस अभियान को लेकर प्रेस वार्ता की जाएगी।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद मनन मिश्रा ने कहा कि भाजपा ने घोषणा पत्र जारी करने के पहले व्यापक विचार विमर्श करने का निर्णय लिया है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि ऐसी कोई पार्टी नहीं होगी जो घोषणा पत्र जारी करने के पहले इतना विचार विमर्श करती है। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य जनता की समस्याओं को जानना और उनके हल के लिए अगले पांच वर्षों तक काम करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित