जयपुर , अप्रैल 05 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में दीपोत्सव, आकर्षक रोशनी एवं भव्य आतिशबाजी का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा द्वारा सुंदर रंगोली सजाई गई तथा कार्यालय परिसर को दीप जलाकर रोशन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छह अप्रैल 1980 को लगाया गया भाजपा रूपी पौधा आज एक विशाल वटवृक्ष बन चुका है। उन्होंने कहा कि भाजपा अन्य दलों से भिन्न है और 'राष्ट्र प्रथम' की भावना के साथ देश सेवा में समर्पित होकर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि पार्टी आज न केवल भारत बल्कि विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है और इसकी विचारधारा से प्रेरित होकर लगातार नए कार्यकर्ता जुड़ रहे हैं। श्री राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा का कमल देश के विभिन्न राज्यों में निरंतर खिल रहा है तथा पार्टी देश में देशभक्ति एवं सांस्कृतिक राष्ट्रवाद का वातावरण सुदृढ़ कर रही है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है और नेतृत्व उसी दिशा में कार्यरत है जिससे भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा और अधिक सुदृढ़ हो। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य में विकास के नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि श्री मोदी और श्री शर्मा देश और प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं तथा जनसेवा के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित