नयी दिल्ली, सितंबर 30 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा का दिल्ली के एम्स में 93 साल की उम्र में निधन हो गया। वरिष्ठ भाजपा नेता विजय मल्होत्रा के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर वरिष्ठ भाजपा नेता को श्रद्धांजलि देते हुए उनके साथ राजनीति एवं संसद में उनके साथ की यादों का स्मरण किया। उन्होंने लिखा कि उनका निधन हम सभी के लिए दुख का विषय है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।

श्री मल्होत्रा का जन्म तीन दिसंबर 1931 पंजाब के लाहौर शहर में हुआ था जो अब पाकिस्तान में है। श्री मल्होत्रा का दिल्ली भाजपा को एक मुकाम दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका रही। श्री मल्होत्रा दिल्ली जनसंघ के अध्यक्ष (1972-75) और भारतीय जनता पार्टी दिल्ली के दो बार (1977-80, 1980-84) अध्यक्ष चुने गए।

श्री मल्होत्रा ने केदारनाथ साहनी और मदन लाल खुराना के साथ काम करते हुए दिल्ली भाजपा को मजबूत किया। श्री मल्होत्रा ने 1999 के आम चुनाव में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को भारी अंतर से हराया था। श्री मल्होत्रा दिल्ली से पांच बार सांसद और दो बार विधायक रहे। वह राजधानी में भाजपा के सबसे वरिष्ठ नेताओं में से एक थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित