देहरादून , मार्च 20 -- उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने मंत्रिमंडल विस्तार पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि धामी मंत्रिमंडल में पहले से ही कांग्रेस पृष्ठभूमि के नेताओं का बहुमत है और एक बार फिर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पृष्ठभूमि के नेताओं का ध्यान रखा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए अपना पूर्ण जीवन खपाने वाले कार्यकर्ता के हिस्सें में दरी बिछाना आया है।
गौरतलब है कि शुक्रवार को हुए धामी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने लोक भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में नवनियुक्त पांच सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
श्री गोदियाल ने कहा कि धामी सरकार को चार साल से अधिक का समय हो गया है और इन चार सालों में इस बात की प्रतीक्षा की जाती रही कि कब मंत्रिमंडल का विस्तार होगा। उन्होंने कहा कि जिस दिन से मुख्यमंत्री ने वर्तमान कार्यकाल की शपथ ली थी, उसी दिन से मंत्रिमंडल की कुछ सीटों को रिक्त रखकर यह प्रतीक्षा कराई जा रही थी कि विस्तार होने जा रहा है लेकिन चार साल से अधिक समय बीतने के बाद आखिरकार वह घड़ी आ गयी।
उन्होंने मंत्रिमंडल में स्थान पाने वाले सभी विधायकों को बधाई दी है जिन्होंने आज मंत्री पद की शपथ ग्रहण की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मंत्रिमंडल में नये सदस्यों को आज ऐसे वक्त में अवसर मिला है जब इस बात की अपेक्षा की जा रही है कि गैरसैंण को स्थाई राजधानी बनायी जाये। उन्होंने उम्मीद जताई कि मंत्रिमंडल की पहली बैठक में गैरसैंण को स्थाई राजधानी बनाने की दिशा में कदम उठाया जाएगा।
श्री गोदियाल ने तंज कसते हुए कहा कि वह मुख्यमंत्री धामी का धन्यवाद अदा करना चाहते हैं जिन्होंने कांग्रेस पृष्ठभूमि से आने वाले नेताओं का बखूबी ख्याल रखा है। वर्तमान में हुए विस्तार में भी इस बात का मुख्यमंत्री धामी ने पूरा ख्याल रखा है।
उन्होंने कहा जिन भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी के लिए अपना पूरा जीवन खपा दिया और जिन्होंने अपनी पार्टी के नेताओं को विधानसभा तक पहुंचाया। उनके लिए पार्टी का यह संदेश है कि फिलहाल वह जिस दरी बिछाने के कार्य में लगे रहें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित