रायपुर , जनवरी 20 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नितिन नबीन के पदभार ग्रहण करने पर रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर और बैंड-बाजे के साथ खुशियाँ मनाईं। कार्यालय परिसर को पार्टी ध्वजों से सजाया गया और कार्यकर्ताओं ने नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए हर्ष व्यक्त किया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नितिन नबीन को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी के रूप में नितिन नबीन की रणनीतिक सोच और मजबूत संगठनात्मक क्षमता ने प्रदेश में भाजपा संगठन को नई दिशा और मजबूती प्रदान की। उनके मार्गदर्शन में पार्टी ने विधानसभा चुनाव 2023 में कांग्रेस शासन को पराजित करते हुए ऐतिहासिक बहुमत हासिल किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यही संगठनात्मक सशक्तता आगे चलकर लोकसभा चुनाव 2024 और स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की बड़ी जीत का आधार बनी। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर से लेकर प्रदेश नेतृत्व तक कार्यकर्ताओं में अनुशासन, विश्वास और कर्तव्यनिष्ठा का भाव विकसित करना नितिन नबीन की कार्यशैली की प्रमुख विशेषता रही है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नितिन नबीन का अनुभव, ऊर्जा और संगठन कौशल भाजपा को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगा तथा जनसेवा, विकास और राष्ट्रनिर्माण की विचारधारा को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित