देवरिया , फरवरी 9 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया सदर से सांसद शशांक मणि त्रिपाठी को भारतीय जनता पार्टी के 'पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान' की केंद्रीय प्रशिक्षण टोली का सदस्य नामित किया गया है। वह विभिन्न राज्यों में जोनल टीम के साथ समन्वय कर कार्य करेंगे।
भाजपा जिला इकाई के पदाधिकारियों ने इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण दायित्व बताया है। सांसद त्रिपाठी ने केंद्रीय नेतृत्व द्वारा जिम्मेदारी सौंपे जाने पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, राष्ट्रीय संगठन मंत्री बी.एल. संतोष, राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश तथा राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण महाअभियान के तहत देश के लगभग 17 हजार मंडलों में संगठनात्मक सुदृढ़ता के उद्देश्य से कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य संगठनात्मक विस्तार और कार्यकर्ता प्रशिक्षण को मजबूत करना है।
श्री त्रिपाठी ने कहा कि वह पंडित दीनदयाल उपाध्याय के 'एकात्म मानववाद' के विचार से प्रेरित रहे हैं और इसी विषय से संबंधित 'मानवतावादी अर्थशास्त्र' पर शोध कार्य भी कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत वह ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम तथा अंडमान-निकोबार में जोनल टीम के साथ कार्य करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित