छपरा , जनवरी 30 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष संजय सरावगी ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता पार्टी की सेवा के साथ राष्ट्र निर्माण के लिए निरंतर काम करते हैं।
श्री सरावगी आज अपने प्रवास कार्यक्रम के लिए ऐतिहासिक और पौराणिक धरती छपरा पहुंचे। उनके आगमन और उनके स्वागत के लिए सोनपुर से लेकर छपरा तक की सड़कें सजी थीं। कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने तोरण द्वार भी लगाए थे।
श्री सरावगी ने कहा कि भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है, तो इसका मुख्य कारण प्रेरणादायी नेतृत्व, सशक्त विचारधारा और लाखों कार्यकर्ताओं की मेहनत है।उन्होंने कहा कि यह वही कार्यकर्ता हैं, जो निःस्वार्थ भाव से अनवरत कार्य करते हैं और कठिन परिस्थितियों में भी अपनी राष्ट्रभक्ति को नहीं छोड़ते हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का संघर्ष, निष्ठा और परिश्रम ही भारत के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश निरंतर आगे बढ़ रहा है और इसे और आगे बढ़ाने के लिए वर्तमान पीढ़ी को भी अपने हिस्से का योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि विकसित भारत के संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाना है और बेहतर भारत बनाना है तो सभी को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित