नयी दिल्ली , जनवरी 31 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इस बार के केंद्रीय बजट का प्रचार-प्रसार करने के लिए देशभर में 50 जगहों पर संवाददाता सम्मेलन का आयोजन करेगी। साथ ही, पॉडकास्ट, सोशल मीडिया, और अखबारों में संपादकीय लिख कर भी लोगों को बजट के फायदे बताएगी।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भाजपा केंद्रीय बजट को लेकर एक फरवरी से 15 फरवरी तक देश भर अभियान चलाएगी और लोगों को बजट के बारे में जानकारी देगी। इसके लिए भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ के नेतृत्व में एक केंद्रीय समिति का गठन किया है, जिसमें श्रीमती सरोज पांडेय, सर्वश्री अनिल एंटनी, नरेंद्र सिंह रैना, जीवीएल नरसिम्हा राव, देवेश कुमार, श्रीकांत शर्मा, गोपाल कृष्ण अग्रवाल, संजय टंडन और गुरु प्रकाश पासवान सहित कई अन्य नेता शामिल हैं।
सूत्रों ने बताया कि इस बार के केंद्रीय बजट को लेकर भाजपा देश भर में 50 से अधिक जगहों पर संवाददाता सम्मेलेन का आयोजन करेगी, जिसमें पार्टी प्रवक्ताओं के साथ ही केंद्रीय मंत्री, राज्यों के मुख्यमंत्री और राज्य मंत्री भी हिस्सा लेंगे। सूत्रों ने बताया कि प्रत्येक विभागीय मंत्री भी अपने मंत्रालय से जुड़े मुद्दों पर संवाददाताओं को संबोधित करेंगे।
सूत्रों के मुताबिक भाजपा दो से 10 फरवरी तक चरणबद्ध तरीके से संवाददाता सम्मेलनों का आयोजन करके प्रमुख मुद्दों को लोगों को जानकारी देगी। भाजपा विद्यार्थिययों, युवाओं, पेशेवरों, किसानों, महिलाओं, लघु-मध्यम उद्यमियों, व्यापारियों, श्रमिकों और कारीगरों और अन्य पेशेवर समूहों के साथ बजट के मुद्दे पर चर्चा चर्चाएं करेगी। सोशल मीडिया पर संपर्क अभियान चलेगा, जिसमें प्रमुख विशेषताओं को हाइलाइट किया जाएगा। इसके अलावा भाजपा नेता सोशल मीडिया के इन्फ्लुएंसरों के साथ मिलकर छोटी वीडियो रील्स भी बनाएंगे।
सूत्रों ने बताया कि भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री पॉडकास्ट के माध्य से भी लोगों को बजट की उपलब्धियों के बारे में बताएंगे। साथ ही प्रमुख अखबारों में केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री लेख लिखेंगे। इसके अलावा पार्टी देश भर में चौपाल-शैली की चर्चाएं और सभाएं आयोजित होंगी, ताकि अधिक से अधिक लोगों को बजट के बारे में जानकारी मिल सके और इस पर व्यापक बहस हो सके। भाजपा नेताओं के मुताबिक इस बार रविवार को पेश होने वाला बजट साधारण बजट, नहीं बल्कि 2047 तक विकसित भारत का मार्गदर्शक दस्तावेज बनने वाला है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित