मुंबई , फरवरी 12 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की रितु तावड़े को बृहन्नमुंबई नगर निगम का बुधवार को मेयर चुन लिया गया। इसके साथ ही मुंबई को एक अरसे बाद अंतत: नया मेयर मिल गया है।
बीएमसी मुख्यालय में आयोजित शानदार समारोह में सुश्री तावड़े ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। इस अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, भाजपा मुंबई अध्यक्ष अमित साटम, मुंबई पालक मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, एमएलसी प्रवीण दरेकर आदि वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। इस मौके पर सभी नगर सेवकों या कॉरपोरेटरों ने केसरिया साफा सिर पर बांधा हुआ था और वे भारत माता की जय, वंदे मातरम् गा रहे थे।
यह चुनाव हालांकि केवल औपचारिकता भर था क्योंकि सुश्री तावड़े के अलावा किसी अन्य ने नामांकन पत्र ही नहीं भरा था। उनकी जीत भी तय मानी जा रही थी क्योंकि बीएमसी में इस महायुति यानि भाजपा और शिंदे सेना को पूर्ण बहुमत है।
सुश्री तावड़े बीएमसी की सीनियर कॉर्पोरेटर हैं और उनका राजनीतिक सफर 2012 में वार्ड की राजनीति से ही शुरू हुआ था। वह घाटकोपर से कॉरपोरेट चुनती चली आ रही हैं जो गुजराती बाहुल्य क्षेत्र है और यहां अमूमन भाजपा के समर्थक रहे है।
यह पहली बार होगा जब मुंबई के बीएमसी मेयर पद पर भाजपा की महिला मेयर आसीन होंगी। सुश्री तावड़े की नियुक्ति से मुंबई की राजनीति में नई दिशा आने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं, उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के संजय शंकर घाड़ी निर्विरोध उप मेयर चुने गए।
गौरतलब है कि 15 जनवरी को हुए बीएमसी मतदान में भाजपा को 89 और शिंदे की शिव सेना को 29 सीट मिली थी। बीएमसी में कुल 227 सीट है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित