इटावा , मई 11 -- लोकसभा में महिला आरक्षण विधेयक के विरोध और उसके पारित न हो पाने के मुद्दे को लेकर सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महिला कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी (सपा) सांसद जितेंद्र दोहरे के आवास के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया और विपक्षी दलों को महिला विरोधी बताते हुए नारेबाजी की। फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र स्थित सांसद आवास के बाहर मुख्य सड़क पर टेंट लगाकर सुबह करीब 11 बजे धरना-प्रदर्शन शुरू किया गया। बड़ी संख्या में एकत्रित भाजपा महिला कार्यकर्ताओं ने सपा और कांग्रेस के खिलाफ नारे लगाए तथा आरोप लगाया कि विपक्ष ने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाले विधेयक का समर्थन नहीं किया, जिसके कारण महिलाओं को उनका अधिकार नहीं मिल सका।

प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना था कि यदि महिला आरक्षण विधेयक पारित हो जाता तो संसद में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित हो जातीं, लेकिन विपक्षी दलों के विरोध के चलते यह संभव नहीं हो सका। सदर विधायक सरिता भदौरिया ने कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं को राजनीतिक अधिकार देने और संसद में उनकी भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से महिला आरक्षण विधेयक लाई थी, लेकिन विपक्ष ने षड्यंत्रपूर्वक इस विधेयक को गिराने का काम किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल हमेशा से महिला विरोधी रहे हैं, जबकि भाजपा महिलाओं के हित में लगातार कार्य करती रही है। उन्होंने कहा कि विधेयक पारित न होने से महिलाओं को मिलने वाला 33 प्रतिशत आरक्षण फिलहाल नहीं मिल सका।

धरना-प्रदर्शन में शामिल होने के लिए सदर विधायक सरिता भदौरिया ई-रिक्शा से धरना स्थल पहुंचीं। रामनगर फाटक ओवरब्रिज मार्ग से वह ई-रिक्शा के माध्यम से प्रदर्शन स्थल तक पहुंचीं और वहां मौजूद कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

प्रदर्शन में भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष बिरला शाक्य, भाजपा नेता विनीता गुप्ता, सभासद पूनम पांडे, सुशीला राजावत सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित