बारां , नवम्बर 04 -- राजस्थान में कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा है कि राज्य सरकार के पास दर्शन नहीं है, यह दिल्ली से संचालित होती है।

श्री डोटासरा ने बारां जिले के अंता विधानसभा के लिये हो रहे उपचुनाव में जनसम्पर्क के दौरान कहा कि अपने स्वविवेक से निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री स्वतंत्र नहीं हैं। उन्होनें कहा कि भाजपा प्रत्याशी जीत गया तो इसे मंत्री बनाया जा सकता है। भाजपा की पर्ची सरकार दिल्ली से संचालित हो रही है।

अंता में कांग्रेस के राजस्थान प्रदेश प्रभारी सुखजिन्दर सिंह रंधावा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा सहित कई नेताओं ने दूसरे दिन कांग्रेस के पक्ष में जनसम्पर्क किया।

मंगलवार को दोनों नेताओं ने कई गांवों में जाकर मतदाताओं को कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने का अनुरोध किया।

लोकसभा प्रत्याशी प्रहलाद गुंजल, पूर्व मंत्री एवं विधायक अशोक चांदना, पूर्व मंत्री ममता भूपेष, केशोरायपाटन विधायक सी.एल. प्रेमी, सूरतगढ विधायक डूंगरराम गेदर, विधायक बांसवाडा अर्जुन बामनिया, पूर्व विधायक करणसिंह राठौड, श्रीमती निर्मला सहरिया, जिला प्रमुख श्रीमती उर्मिला जैन भाया, पीसीसी सचिव धर्मराज मेहरा, हंसराज मीणा उदपुरिया ने भी कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद भाया के पक्ष में मतदान किए जाने को लेकर विभिन्न गांवों में जाकर मतदाताओं से जनसम्पर्क किया।

पूर्व मंत्री एवं विधायक अशोक चांदना ने कहा कि विकास कार्यो में कांग्रेस पार्टी द्वारा करवाए गए विकास कार्यो से कोई नही भूला सकता। कांग्रेस की योजनाओं के मुकाबले में भाजपा बता दे कि जिससे आम लोगों को लाभ मिल रहा है। भाजपा के पास विकास नही है, योजनाएं इनके पास नहीं है तो वोट मांगने का अधिकार भी इनको नहीं हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित