देवरिया, फरवरी 01 -- देवरिया में केन्द्रीय बजट को लेकर मिश्रित प्रतिक्रिया मिली है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आम बजट 2026-27 को देश की तरक्की में सहायक करार दिया, वहीं कांग्रेस ने इसे एक निराशावादी बजट कहा है।

भाजपा के सदर सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने कहा कि इस बजट में कृषि और स्वास्थ्य पर विशेष जोर दिया गया है, साथ ही विकसित और आधुनिक भारत के निर्माण के लिए ए आई सेक्टर पर विशेष फोकस किया गया है। जो देवरिया के साथ साथ पूरे देश के विकास के लिए महत्वपूर्ण है तथा इससे युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। सदर विधायक ने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक मजबूत कदम है। युवाओं और किसानों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं।

उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने कहा कि "बजट में कृषि क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं, जो किसानों की आय बढ़ाने में मदद करेंगे।" भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने कहा कि पेश बजट में सामाजिक कल्याण और विकास के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं, जो भाजपा सरकार की जनहितकारी नीतियों को दर्शाती हैं।"एमएलसी डॉ. रतनपाल सिंह ने कहा कि पेश बजट में शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया गया है, जो समाज के हर वर्ग के विकास के लिए आवश्यक है।

प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने कहा कि "बजट में महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं, जो समाज में सकारात्मक बदलाव लाएंगे। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी ने कहा कि देश की विकास यात्रा, आत्मनिर्भर भारत के संकल्प और जनता के विश्वास को केंद्र में रखते हुए यह बजट है।इस बजट से आर्थिक ग्रोथ को बढ़ावा,निवेश, उद्योग और रोजगार सृजन को मजबूत करने वाला बजट है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने इस बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बजट निराशावादी है। उद्योग और रोजगार की बात इस बजट में नहीं है। देश और कर्ज में डूबे जायेगा। उत्तर प्रदेश के लिए इस बजट में कुछ भी नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित