कोलकाता , जनवरी 27 -- समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का मुकाबला करने के लिए देश की सबसे असरदार नेता बताया है। श्री यादव ने सत्ताधारी पार्टी के खिलाफ लड़ाई में उन्हें अन्य सभी विपक्षी नेताओं से ऊपर रखा है।
उन्होंने मंगलवार को नबन्ना में सुश्री बनर्जी के साथ करीब 45 मिनट की मुलाकात के बाद कहा, "अगर पूरे देश में किसी ने सही मायने में भाजपा का सामना किया है, तो वह पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री हैं।" इस बैठक में सपा नेता एवं पूर्व मत्स्य मंत्री किरणमय नंदा भी मौजूद थे।
श्री यादव की इस टिप्पणी को राष्ट्रीय स्तर की राजनीतिक के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इससे अप्रत्यक्ष रूप से यह संकेत मिलता है कि कांग्रेस पार्टी दृढ़ संकल्प के बावजूद भाजपा को चुनौती देने में विफल रही है। सपा प्रमुख एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने के लिए दो दिवसीय दौरे पर कोलकाता में हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में सुश्री बनर्जी एक बार फिर भाजपा को रोकने में सफल रहेंगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा राज्य में केवल सम्मानजनक हार के लिए चुनाव लड़ रही है। उत्तर प्रदेश सहित 12 राज्यों में चुनाव आयोग के मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में लगभग तीन करोड़ मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल को विशेष रूप से निशाना बनाया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित