चंडीगढ़ , फरवरी 19 -- भारतीय जनता पार्टी की जिला रोहतक इकाई द्वारा भाजपा कार्यालय 'मंगलकमल' में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के तहत जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष एडवोकेट रणवीर सिंह ढाका ने की। अभियान का उद्देश्य मंडल से लेकर शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त और संगठनात्मक रूप से सक्षम बनाना है।
प्रदेश महामंत्री डॉ. अर्चना गुप्ता ने "कार्यकर्ता निर्माण" विषय पर कहा कि प्रशिक्षण केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती व्यक्ति निर्माण से ही संभव है।
7 मार्च से 14 अप्रैल तक प्रदेश के 377 मंडलों में चरणबद्ध प्रशिक्षण कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें बूथ प्रबंधन, सोशल मीडिया संचालन, जनसंपर्क, चुनावी रणनीति और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय के 'एकात्म मानववाद' और 'अंत्योदय' भाजपा की वैचारिक आधारशिला हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में धारा 370 हटाने, तीन तलाक समाप्त करने और आत्मनिर्भर भारत जैसे निर्णय लिए गए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा विकसित राज्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है। पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, ई-टेंडरिंग और परिवार पहचान पत्र जैसी पहल सुशासन के उदाहरण हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित