नयी दिल्ली , फरवरी 18 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को कर्नाटक में सत्तारुढ़ कांग्रेस पर सरकारी जमीन आवंटन में भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाये।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस का नाम पहले भी नेशनल हेराल्ड मामले में सामने आ चुका है और अब कर्नाटक में सरकारी जमीन आवंटन को लेकर नए सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में मुख्यमंत्री सिद्दारमैया की सरकार ने नगर निगम प्रशासन विभाग के 12 प्लॉट और शहरी विकास विभाग के 12 प्लॉट "कांग्रेस भवन ट्रस्ट" को आवंटित किए हैं। उन्होंने दावा किया कि इन जमीनों की अनुमानित कीमत 40 से 50 करोड़ रुपये है, जबकि इन्हें करीब 2 करोड़ रुपये में दिया गया।
श्री भाटिया ने आरोप लगाया कि यह जमीन पहले नागरिक सुविधाओं (सिविक अमेनिटीज) के लिए निर्धारित थीं, लेकिन अब उनका उपयोग कांग्रेस भवन बनाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है और कहा कि सरकारी संपत्ति का उपयोग पारदर्शी तरीके से होना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित