लखनऊ , अक्टूबर 05 -- भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि भाजपा का अन्त्योदय दर्शन तभी साकार होगा, जब समाज के सबसे अंतिम पायदान पर खड़े जनजातीय वर्ग को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाया जाएगा।
रविवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित अनुसूचित जनजाति मोर्चा की बैठक में जनजातीय गौरव दिवस को जिला स्तर पर भव्य रूप से मनाने की योजना पर चर्चा हुई। धर्मपाल सिंह ने कहा कि वीरांगना रानी दुर्गावती का अदम्य साहस, नेतृत्व क्षमता और मातृभूमि के प्रति समर्पण हम सभी को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवम्बर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती वर्ष को जनजातीय गौरव वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इस अवसर पर 15 अक्टूबर से 15 नवम्बर तक प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और योगदान को जन-जन तक पहुँचाया जाएगा।
श्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि मोदी सरकार देशभर में जनजातीय संस्कृति, परंपरा और योगदान को सम्मान देने के लिए संग्रहालयों का निर्माण करा रही है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार भी जनजातीय समाज की आर्थिक, शैक्षिक और सामाजिक उन्नति के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने बताया कि जनजातीय उत्पादों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने, बांदा मेडिकल कॉलेज का नाम रानी दुर्गावती के नाम पर रखने और वनधन योजना जैसी पहलें भाजपा की जनजातीय सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।
बैठक में मोर्चा के प्रदेश प्रभारी, प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर, प्रदेश मंत्री एवं सहप्रभारी शंकर लोधी, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय गोंड, प्रदेश महामंत्री विद्या भूषण सहित प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष उपस्थित रहे। बैठक का संचालन मोर्चा के प्रदेश महामंत्री विद्या भूषण ने किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित