चंडीगढ़ , फरवरी 13 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एससी इकाई के प्रदेश पूर्व वित्त सचिव अमरजीत सिंह कोकरी कलां शुक्रवार को औपचारिक रूप से आम आदमी पार्टी में शामिल हो गये।

कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने 'आप' पंजाब के अध्यक्ष अमन अरोड़ा और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की ओर से उनका पार्टी में स्वागत किया। इस मौके पर श्री चीमा ने कहा कि अमरजीत सिंह ने निहाल सिंह वाला क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय और सकारात्मक भूमिका निभायी है और उनका 'आप' में आना मान सरकार के कामों के प्रति लोगों के बढ़ते विश्वास का प्रतीक है।

श्री चीमा ने कहा कि अमरजीत सिंह कोकरी कलां ने भाजपा की जन-विरोधी राजनीति और नीतियों से मोहभंग होने के बाद पार्टी छोड़ने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि अमरजीत सिंह पंजाब में 'आप' के शासन मॉडल, खासकर 300 यूनिट मुफ्त बिजली और 10 लाख रुपये की स्वास्थ्य बीमा योजना से बहुत प्रभावित थे, जिसने आम परिवारों को वास्तविक राहत दी है।

श्री चीमा ने जानकारी दी कि अमरजीत सिंह के साथ मनजीत सिंह बिलासपुर की अगुवाई में सरपंचों, पंचों और नंबरदारों समेत उनके बड़ी संख्या में समर्थक भी 'आप' में शामिल हुए हैं। सभी नये शामिल हुए सदस्यों का स्वागत करते हुए चीमा ने भरोसा दिलाया कि उन्हें पार्टी में पूरा सम्मान और उचित जिम्मेदारी दी जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित