पटना , फरवरी 09 -- भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार को कहा कि भाजपा एक वटवृक्ष की तरह है, जिसका वॉच टावर इतना मजबूत है कि बूथ स्तर पर काम करने वाला व्यक्ति भी आगे चलकर प्रदेश या राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है।
श्री नबीन ने आज पटना पहुंचे जहाँ पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। राजधानी की सड़क पर पटे हुए स्वागतम के बैनर श्री नबीन की राह तक रहे थे और शहर की पुलिस ट्राफिक व्यवस्था सुचारु रखने के दायित्व से जूझ रही थी।
श्री नबीन ने आज आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लाखों युवाओं को राजनीति से जोड़ने का जो सपना देखा है, उसे साकार करने और हर जिले, ब्लॉक एवं पंचायत में भाजपा का मजबूत नेतृत्व खड़ा करने के लिए सभी को पूर्ण समर्पण के साथ अपना दायित्व निभाना होगा।
भाजपा के अध्यक्ष ने कहा कि बिहार में कभी जंगलराज और अराजकता का माहौल था, जहां कार्यकर्ता घर से निकलकर पर्ची बांटने तक से डरते थे, लेकिन निरंतर राजनीतिक संघर्ष ने उस अराजक व्यवस्था को समाप्त कर दिया गया और अब बिहार सुशासन की सरकार है।
श्री नबीन ने कहा कि कांग्रेस सरकार बड़ी संख्या में जनता और जनसंख्या उनके लिए चुनौती थी, लेकिन यह गर्व का विषय है कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने 140 करोड़ देशवासियों को देश की सबसे बड़ी ताकत और संपत्ति बना दिया हैं।
भाजपा के अध्यक्ष ने कहा कि आज की पीढ़ी को समझना चाहिए कि सत्ता की प्राप्ति कुछ दिनों के संघर्ष का परिणाम नहीं है। इसके पीछे अनगिनत त्याग और बलिदान जुड़े हैं। अनेक कार्यकर्ताओं ने अपना घर-परिवार छोड़ा और अपना पूरा जीवन पार्टी और विचारधारा को समर्पित कर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि पार्टी को शिखर पर रखना है तो मेहनत, त्याग और बलिदान की जरूरत होती है।
श्री नबीन में कहा कि जो व्यक्ति, संस्था या पार्टी अपने इतिहास को भूल जाती है, उसका भविष्य कभी उज्ज्वल नहीं हो सकता। अतः हमें अपने इतिहास को सदैव याद रखना चाहिए, क्योंकि वही हमारे मजबूत और सुनहरे भविष्य की आधारशिला है। उन्हने कहा कि डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने हमें राष्ट्रवाद की प्रेरणा दी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अंत्योदय का सिद्धांत दिया। आज हमारी सरकारें इन्हीं विचारों को आधार बनाकर कार्य कर रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित