लखनऊ/अयोध्या , जनवरी 08 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अवध प्रान्त की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक 12 जनवरी को अयोध्या में आयोजित होगी। इस बैठक में नवनियुक्त अवध प्रान्त अध्यक्ष पंकज चौधरी पहली बार प्रान्त स्तर पर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे। बैठक को पंचायत चुनाव और 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
बैठक में अवध प्रान्त के सभी जिलों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मोर्चा अध्यक्ष और प्रमुख कार्यकर्ता शामिल होंगे। वहीं संगठन को बूथ स्तर पर और मजबूत करने, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने (एसआईआर) अभियान को गति देने और आगामी चुनावों के लिए रणनीति तय करने पर विशेष चर्चा होगी।
बैठक में नवनियुक्त प्रान्त अध्यक्ष पंकज चौधरी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का मंत्र देंगे। बैठक में यह स्पष्ट संदेश दिया जाएगा कि हर कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र में मतदाता सूची की गहन जांच करे, पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाए और किसी भी तरह की लापरवाही न होने दे। भाजपा नेतृत्व का मानना है कि मजबूत और त्रुटिरहित मतदाता सूची ही चुनावी सफलता की बुनियाद होती है।
बैठक में पंचायत चुनावों सहित 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक ढांचा, बूथ सशक्तिकरण, पन्ना प्रमुखों की भूमिका और जनसंपर्क अभियानों पर भी विस्तार से मंथन किया जाएगा। कार्यकर्ताओं को यह संदेश दिया जाएगा कि सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना ही जीत की कुंजी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित