नयी दिल्ली , जनवरी 26 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को यहां भाजपा मुख्यालय में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर उन्होंने समस्त देशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर श्री नवीन ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के अमर बलिदान, संविधान निर्माताओं की दूरदृष्टि तथा राष्ट्र की सुरक्षा हेतु समर्पित सशस्त्र बलों के अदम्य साहस को नमन करने का पावन अवसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश, विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के मार्ग पर निरंतर अग्रसर है, जहां 'विकसित भारत' का संकल्प राष्ट्र की सर्वोच्च प्राथमिकता और भविष्य की स्पष्ट दिशा के रूप में उभर रहा है।

श्री नवीन ने कहा कि भारत का संविधान देश की आत्मा है, जिसने स्वतंत्रता के बाद राष्ट्र को एक सशक्त, समावेशी और लोकतांत्रिक गणतंत्र के रूप में आगे बढ़ने की दिशा दी। उन्होंने कहा कि संविधान की सर्वोच्चता के प्रति अडिग रहकर भारत ने विश्व पटल पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है और आज देश एक जिम्मेदार, आत्मविश्वासी तथा निर्णायक राष्ट्र के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह उन मूल्यों को स्मरण करने का अवसर है, जिनके बल पर भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था सुदृढ़ हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित