सिलीगुड़ी/कूचबिहार , मार्च 01 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को परिवर्तन यात्रा के साथ पश्चिम बंगाल में चुनावी बिगुल फूंक दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले कूचबिहार से पार्टी की 'परिवर्तन यात्रा' का शुभारंभ किया। इस दौरान श्री नवीन ने राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी सरकार पर भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण की राजनीति, घुसपैठ और प्रशासनिक विफलता के गंभीर आरोप लगाए।
श्री नवीन ने जनसभा को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मतदाता सूची से लगभग 50 लाख नाम हटाए जाने के बाद राज्य सरकार ने "घुसपैठियों" के समर्थन में सुप्रीम कोर्ट का रुख किया। उन्होंने कहा कि अवैध घुसपैठ राज्य की बड़ी समस्या बन चुकी है और इससे भूमि, रोजगार और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक नागरिकों से छिन रहा है। उन्होंने दावा किया कि केवल भाजपा की सरकार ही घुसपैठ की पहचान कर उसे रोक सकती है और "बंगाल को घुसपैठियों वाली सरकार से मुक्त" कर सकती है।
श्री नवीन ने पश्चिम बंगाल में महिलाओं के खिलाफ अपराध, कथित पुलिस ज्यादती और भ्रष्टाचार के मुद्दों को उठाते हुए राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने सुश्री बनर्जी को घेरते हुये कहा कि 'यदि आप 'मां, माटी, मानुष' की बात करती हैं, तो पीड़ितों को न्याय क्यों नहीं मिला।
श्री नवीन ने सत्तारूढ़ ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के कई नेताओं और मंत्रियों पर कानूनी कार्रवाई का उल्लेख करते हुए शासन व्यवस्था में "सिंडिकेट राज, राजनीतिक संरक्षण और डराने-धमकाने की संस्कृति" के आरोप लगाए।
श्री नवीन ने कहा कि यह परिवर्तन यात्रा 5,000 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करेगी और राज्य के कोने-कोने तक पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि जहां अब तक केवल वादे और अहंकार के शब्द पहुंचे थे, वहां भाजपा परिवर्तन की आवाज लेकर जाएगी। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि यह बदलाव केवल सरकार बदलने का नहीं, बल्कि सोच बदलने का विषय है। उन्होंने कहा कि भाजपा सकारात्मक सोच के साथ नये बंगाल का बीज रखेगी। उन्होंने कहा, "हमें ऐसी निर्णायक सरकार बनानी है जो विकास को जमीन पर उतार सके।
श्री नवीन ने कहा कि भाजपा पश्चिम बंगाल में 'डबल इंजन सरकार' स्थापित करना चाहती है, जो केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के साथ मिलकर राज्य को विकास की नई दिशा दे। उन्होंने अपने संबोधन में 'विकसित भारत 2047' के लक्ष्य के अनुरूप 'विकसित बंगाल' बनाने का भी संकल्प दोहराया।
श्री नवीन ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार जिन केंद्रीय योजनाओं को लागू करने में सौतेला व्यवहार करती है, उन्हें भाजपा सरकार पूरी मजबूती से लागू करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित