नयी दिल्ली , जनवरी 05 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा से पार्टी मुख्यालय में शिष्टाचार भेंट की।

इस मुलाकात को कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और उत्तर प्रदेश में पंकज चौधरी की भाजपा अध्यक्ष पद पर नियुक्ति के बाद राजनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है। इस मुलाकात के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गयी है।

सूत्रों के अनुसार, दोनों नेताओं के बीच हुई बैठक में उत्तर प्रदेश में चल रही विकास योजनाओं, संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा हुई। श्री योगी ने राज्य सरकार द्वारा स्वास्थ्य, शिक्षा, कानून-व्यवस्था और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में किए गए कार्यों की जानकारी भाजपा अध्यक्ष को दी। इसके साथ ही केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विचार-विमर्श हुआ।

मुलाकात में उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने, आयुष्मान भारत योजना, मेडिकल कॉलेजों की स्थापना और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार जैसे विषय प्रमुख रूप से उठाए गए। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए केंद्र की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित