कोलकाता , जनवरी 27 -- भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के नव-निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पदभार संभालने के बाद मंगलवार को अपना पहला पश्चिम बंगाल दौरा करेंगे।
श्री नवीन का दो दिवसीय कार्यक्रम राज्य के पश्चिम बर्दवान ज़िले पर केंद्रित रहेगा।
कार्यक्रम के अनुसार श्री नवीन मंगलवार अपराह्न लगभग 4 बजे आसनसोल के पास अंडाल एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद शाम को वह दुर्गापुर के चित्रालय मैदान में आयोजित पार्टी के 'कमल मेला' में भाग लेंगे। उसी रात उनकी पार्टी की राज्य कोर कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक भी प्रस्तावित है। बुधवार को वह दुर्गापुर-आसनसोल क्षेत्र में पार्टी के कई संगठनात्मक कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
गौरतलब है कि इस दौरे में कोलकाता को पूरी तरह बाहर रखा गया है, जिसे लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज है। विश्लेषकों का मानना है कि पश्चिम बर्दवान का विशिष्ट जनसांख्यिकीय स्वरूप, खासकर दुर्गापुर और आसनसोल जैसे औद्योगिक केंद्रों तथा जामुरिया, अंडाल और रानीगंज जैसे कोयला क्षेत्र, इस फोकस की अहम वजह हैं। इस ज़िले में गैर-बंगाली, विशेष रूप से हिंदी भाषी मतदाताओं की बड़ी आबादी है, जिन्हें पारंपरिक रूप से पश्चिम बंगाल में भाजपा का मजबूत समर्थन आधार माना जाता रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित