जयपुर , नवंबर 14 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बारां जिले में अंता विधानसभा उपचुनाव में पार्टी की हार को स्वीकार करते हुए कहा है कि भाजपा अंता की हार से सीख लेकर आगे की रणनीति को और मजबूत करेगी।
श्री राठौड़ ने शुक्रवार को यहां अंता विधानसभा उपचुनाव परिणाम पर अपनी प्रतिक्रिया में यह बात कही। उन्होंने हार की पूर्ण जिम्मेदारी अपने पर लेते हुए कहा कि संगठन के मुखिया के रूप में यह उनकी जवाबदेही है। उन्होंने कहा कि भाजपा अंता की जनता के जनादेश का सम्मान करती है और जहां भी त्रुटि रही होगी, उसकी समीक्षा कर सुधार किया जाएगा। उन्होंने अंता के शांतिपूर्ण मतदान के लिए जनता को धन्यवाद दिया तथा विजयी उम्मीदवार प्रमोद जैन भाया को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनता ने उन्हें जो आशीर्वाद दिया है, वह उस पर खरा उतरें।
उन्होंने स्वीकार किया कि कांग्रेस द्वारा फैलाए गए भ्रम को भी समय रहते दूर नहीं किया जा सका और हमारी इच्छा थी कि जनता एक सेवाभावी, निष्कलंक और स्थानीय उम्मीदवार को प्रतिनिधित्व करने का अवसर दे लेकिन जनजागृति में कमी रह गई। इस कमी की पार्टी संगठनात्मक स्तर पर गंभीर समीक्षा करेगी और आवश्यक सुधार किए जाएंगे।
श्री राठौड़ ने कहा कि उपचुनाव और आम चुनाव के मुद्दे अलग होते हैं और अंता का परिणाम राज्य की सत्ता में किसी परिवर्तन का संकेत नहीं देता। फिर भी भाजपा इस चुनाव को सीख की तरह लेकर आगे की रणनीति को और मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि जैसे लॉन्ग जंप में आगे बढ़ने के लिए पहले पीछे जाना पड़ता है, उसी प्रकार भाजपा इस परिणाम को एक तैयारी के रूप में ले रही है ताकि भविष्य में और मजबूत छलांग लगाई जा सके। यदि संगठन में कोई सुधार, पुनरीक्षण या आवश्यक 'ऑपरेशन' करने की आवश्यकता महसूस होगी तो पार्टी बिना हिचक उन्हें लागू करेगी।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि एक सीट जीतकर खुशियां मनाने वालों में राष्ट्र प्रथम की भावना का अभाव स्पष्ट दिखाई देता है। यदि वास्तव में राष्ट्र सर्वोपरि होता तो वे बिहार में अपने गठबंधन की दयनीय स्थिति पर आत्ममंथन करते। उन्होंने कहा कि ईवीएम पर आरोप लगाने और सुर्खियाँ लूटने के लिए बयान देने की प्रवृत्ति लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित