मैनपुरी , जनवरी 31 -- उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने शनिवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), सनातन और हिंदुत्व एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने कहा कि शंकराचार्य से जुड़ा मुद्दा भी सुलझ जाएगा और यूजीसी के संबंध में केंद्र सरकार 19 मार्च से पहले सभी पक्षों को स्वीकार्य निर्णय लेकर आएगी। इस विषय पर केंद्र स्तर पर लगातार मंथन चल रहा है।

जनसुनवाई के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होने कहा कि विपक्षी दलों को जब कोई मुद्दा नहीं मिलता तो वे मौत जैसे संवेदनशील विषय पर भी राजनीति करने लगते हैं। महाराष्ट्र में विमान दुर्घटना से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि शरद पवार और उनके परिवार ने इस पर कोई प्रश्न नहीं उठाया, जबकि कुछ विपक्षी दल राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हर विमान दुर्घटना की जांच होती है और इस मामले की भी जांच जारी है, जिससे कारण स्पष्ट हो जाएंगे।

श्री सिंह ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को लगातार नौवां बजट पेश करने पर बधाई देते हुए कहा कि यह बजट ऐतिहासिक होगा और समाज के हर वर्ग के लिए लाभकारी साबित होगा। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण का इससे बड़ा उदाहरण क्या होगा कि एक महिला वित्त मंत्री लगातार नौवां बजट प्रस्तुत कर रही हैं। प्रदेश के एक मंत्री और विधायक के बीच हाल में हुए विवाद पर उन्होंने कहा कि बड़ा परिवार होने पर छोटी-मोटी घटनाएं होती रहती हैं और सभी मामले सुलझ जाएंगे।

मैनपुरी के अस्पतालों में बिजली न होने तथा जनरेटर व्यवस्था के अभाव में मोबाइल या टॉर्च की रोशनी में उपचार किए जाने के प्रश्न पर मंत्री ने इसे चिंताजनक बताया और कहा कि यदि जनरेटर होने के बावजूद प्रकाश व्यवस्था नहीं है तो वह अधिकारियों से बात करेंगे। जनसुनवाई के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को सभी पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश दिए तथा राजस्व और बिजली विभाग के अधिकारियों को भी सरकार की मंशा के अनुरूप कार्य करने को कहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित