भागलपुर , जनवरी 30 -- बिहार में भागलपुर जिले के तातारपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को सरकारी नौकरी नहीं मिलने से परेशान एक छात्र ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि मृतक की पहचान अनुराग मानस (21) के रुप में हुई है, जो सुपौल जिले का रहने वाला था वह तातारपुर क्षेत्र के रिकाबगंज स्थित एक निजी छात्रावास में रहकर स्नातक (वाणिज्य) की पढ़ाई कर रहा था। इधर कुछ दिनों से वह सरकारी नौकरी नहीं मिलने के चलते तनाव में था।
सूत्रों ने बताया कि अपनी जीवन लीला समाप्त करने के लिये उसने शुक्रवार की सुबह जहर खा ली। बाद में अन्य छात्रों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे तुरंत जवाहरलाल नेहरु मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सूत्रों के अनुसार, इस घटना की सूचना मृत छात्र के परिजनों को भेज दी गई है। इधर पुलिस ने एक प्राथमिकी दर्ज करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित